राजस्थान में सोमवार को कोरोना का 140 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें डुंगरपुर में 64, भीलवाड़ा में 22, जयपुर में 21, उदयपुर में 15, बीकानेर और बांसवाड़ा में 4-4, दौसा में 3, कोटा, नागौर और राजसमंद में 2-2, सीकर में 1 संक्रमित मिले। जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 5342 पहुंच गई। वहीं, कोटा और नागौर में 1-1 मौत भी दर्ज की गई। इसके साथ ही मौतों की कुल आंकड़ा 133 पहुंच गया।
मजदूरों के लिए सरकार चलाएगी श्रमिक स्पेशल बसें, किराया नहीं लेंगे : गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि श्रमिकों एवं उनके परिजनों का घर लौटने के लिए सैकड़ों किमी धूप में पैदल चलना तकलीफदेह है। राज्य सरकार इस पीड़ा से राहत देने के लिए श्रमिकों को लाने ले जाने के लिए निशुल्क श्रमिक स्पेशल बसें चलाएगी। उन्होंने दूसरे राज्यों से भी इसी तरह श्रमिक स्पेशल बसें चलाने की अपील की। सीएम ने कहा-राज्यों से सहमति प्राप्त कर ये विशेष बसें चलाई जाएंगी। रोडवेज विभाग इसके लिए बसें तैयार रखे। पूरे देश के लिए श्रमिकों की यह एक मार्मिक और झकझोर देने वाली समस्या है।
पैदल चल रहे प्रवासी मजदूरों के लिए भेजी कांग्रेस की बसों को योगी सरकार ने यूपी में घुसने से रोका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर राजस्थान कांग्रेस के कई नेता प्राइवेट बसें लेकर रविवार को भरतपुर जिले में बहज (डीग) स्थित यूपी बॉर्डर पर पहुंच गए। यहां से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने इन बसों को घुसने की अनुमति नहीं दी। कांग्रेस नेता देर शाम तक इन बसों को लेकर बहज बॉर्डर पर ही खड़े रहे। देर रात्रि इन बसों को बैरंग लौटना पड़ा। इससे पहले भरतपुर-मथुरा मार्ग स्थित रारह बॉर्डर पर भी प्रवासी श्रमिकों को यूपी में एंट्री देने से वहां की सरकार ने मना कर दिया था। इसे लेकर राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस आमने-सामने भी हो चुकी है। बहज स्थित यूपी बॉर्डर पर अचानक बड़ी संख्या में प्राइवेट बसों और वाहनों आने की सूचना पर गोवर्धन एसडीएम राहुल यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सरकार से अनुमति नहीं होने की बात कहकर बेरिकेड्स खोलने से मना कर दिया। इस दौरान पर्यटन एवं देवस्थान मंत्री विश्वेंद्र सिंह, चिकित्सा राज्यमंत्री डा. सुभाष गर्ग, कांग्रेस के सचिव जुबेर खान, अनिरुद्ध सिंह और मथुरा के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर भी वहां पहुंच गए। करीब 4 घंटे के इंतजार के बाद भी यूपी प्रशासन ने बसों को सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी। जबकि राजस्थान के दो मंत्री, पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता बार-बार उनसे प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए सीमाएं खोलने का आग्रह करते रहे।
राजस्थान में आज तय होगा क्या खुलेगा और क्या नहीं
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में भी 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। केंद्र ने जो छूटें दी है उनमें से कुछ पहले ही लागू कर चुके हैं। राज्य की स्थितियों के अनुरूप कहां क्या खाेला जाना है और क्या नहीं, इसके लिए विस्तृत गाइडलाइन 18 मई को जारी होगी।

जयपुर: गिरफ्तार आरोपी को रिमांड या जेल भेजने से पहले कोरोना टेस्ट जरूरी
जयपुर कमिश्नरेट के 51 थाना इलाके तक कोरोना फैल चुका है। अभी जयपुर के 43 थाना इलाके कर्फ्यूग्रस्त हैं। वहीं, कैदियों के लगातार पॉजिटिव मिलने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि गिरफ्तार आरोपी का पहले कोरोना टेस्ट किया जाए। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उसे पुलिस रिमांड या न्यायिक अभिरक्षा (जेसी) में भेजा जाए।
भीलवाड़ा में 22 नए संक्रमित मिले, सभी बाहर से आए
सोमवार सुबह भीलवाड़ा में एक बार कोरोना के 22 मामले सामने आए। इनके संपर्क में करीब 200 से अधिक लोग आए हैं। जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 77 हो गई है। पॉजिटिव रोगियों में अधिकांश गंगापुर, सहाड़ा, रायपुर, करेड़ा व मांडल क्षेत्र के हैं। गंगापुर, सहाड़ा, रायपुर, करेड़ा व मांडल क्षेत्र के हैं। अधिकारियों का कहना है इन क्षेत्र के कई लोग प्रदेश से बाहर व्यवसाय या मजदूरी करते हैं।
उदयपुर में सबसे पहले संक्रमित होने वाली एमबी की नर्स और उनके पति ने 45 दिन संघर्ष कर कोरोना को हराया
उदयपुर में सबसे पहले कोरोना पॉजिटिव निकले नर्स और उनके पति रविवार को डिस्चार्ज हुए। सबसे लंबे समय 45 दिनों तक एमबी अस्पताल में भर्ती रहने वाली कोरोना वार्ड की प्रभारी रहीं नर्स उमामा और उनके पति कोरोना को मात दी। इनके साथ इस परिवार के दो बच्चे भी पॉजिटिव हुए थे, जो पहले ही ठीक होकर घर जा चुके हैं।
33 में से 31 जिलों में पहुंचा कोरोना
-
प्रदेश में संक्रमण के सबसे ज्यादा केस जयपुर में हैं। यहां 1599 (2 इटली के नागरिक) संक्रमित हैं। इसके अलावा जोधपुर में 1083 (इनमें 47 ईरान से आए), कोटा में 326, अजमेर में 255, उदयपुर में 395, टोंक में 147, चित्तौड़गढ़ में 154, नागौर में 174, भरतपुर में 123, बांसवाड़ा में 72, पाली में 128, जालौर में 72, जैसलमेर में 61 (इनमें 14 ईरान से आए), झालावाड़ में 49, झुंझुनूं में 56, भीलवाड़ा में 77, बीकानेर में 51, मरीज मिले हैं। उधर, दौसा में 36, धौलपुर में 24, अलवर में 35, चूरू में 46, राजसमंद में 45, सिरोही में 42, डूंगरपुर में 124, हनुमानगढ़ में 14, सीकर में 40, सवाई माधोपुर में 17, बाड़मेर में 22, करौली में 10, प्रतापगढ़ में 5 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। बारां में 4 संक्रमित मिले हैं। जोधपुर में बीएसएफ के 49 जवान भी पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीं दूसरे राज्यों से आए 7 लोग पॉजिटिव मिले।
- राजस्थान में कोरोना से अब तक 133 लोगों की मौत हुई है। इनमें जयपुर में 70 (जिसमें चार यूपी से), जोधपुर में 17, कोटा में 12, अजमेर में 5, नागौर में 4, बीकानेर, भरतपुर और पाली 3-3, करौली, अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और सीकर में 2-2, जालौर, बांसवाड़ा, चूरू, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर और टोंक में 1-1 की मौत हो चुकी है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
https://ift.tt/368pWRL
From Dainik Bhaskar
0 Comments
Please do not enter any Spam Link in the comment box.