भले ही विवादित हो, लेकिन आज कोलकाता का जन्मदिन है। 24 अगस्त 1690 में ईस्ट इंडिया कंपनी की राजधानी रहे कलकत्ता शहर की कथित तौर पर स्थापना हुई थी। उस समय कोलकाता व्यापारियों, ईस्ट इंडिया कंपनी के एजेंटों और वैश्विक शक्ति का केंद्र हुआ करता था।
1608 में सूरत पहुंची थी ईस्ट इंडिया कंपनी
कुछ ही दिन पहले हमने आजादी की 74वीं वर्षगांठ मनाई है। लेकिन क्या आप जानते हैं अंग्रेजों के प्रति हमारी गुलामी की नींव आज ही के दिन करीब 412 साल पहले पड़ी थी। 1600 में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने महारानी से नए बाजार तलाशने की अनुमति ली। इसके करीब आठ साल बाद यानी 1608 में ईस्ट इंडिया कंपनी का पहला जहाज हेक्टर सूरत के तट पर पहुंचा था। पहले कंपनी ने यहां कब्जा जमाया और फिर 1858 तक अपना साम्राज्य फैलाते चली गई। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बाद ब्रिटिश महारानी ने भारत का शासन अपने हाथ में ले लिया था।
2006 में प्लूटो सौरमंडल से बाहर हुआ था
बात 2006 की है। प्लूटो को तब तक सौरमंडल का नौवां ग्रह माना जाता था। प्राग में ढाई हजार एस्ट्रोनॉमर जुटे थे। वोटिंग हुई और सौरमंडल में ग्रहों को शामिल करने के लिए तीन मानक तय किए गए। पहला, ग्रह वह है जो सूर्य की परिक्रमा करता है। दूसरा, ग्रह वह है जिसका आकार इतना बड़ा हो कि अपनी ग्रेविटी के कारण वह गोलाकार हो जाए। तीसरा, जिसका अपना ऑर्बिट हो। प्लूटो तीसरे मानक में असफल रहा और इसे सौरमंडल के ग्रहों की गिनती से बाहर कर दिया गया। यदा-कदा इसे दोबारा सौरमंडल के ग्रहों में शामिल करने की मांग उठती रहती है, लेकिन अब तक उस पर सुनवाई नहीं हुई है।
इतिहास के पन्नों में आज के दिन को इन घटनाओं की वजह से भी याद किया जाता है...
- 1814: ब्रिटिश सेना ने आज ही के दिन व्हाइट हाउस को आग के हवाले कर दिया था।
- 1891: थॉमस एडिसन ने काइनेटोग्राफिक कैमरा और काइनेटोस्कोप के लिए पेटेंट हासिल किया। यही तकनीक आगे चलकर चलचित्र यानी सिनेमा के आविष्कार की बुनियाद बनी।
- 1914: प्रथम विश्व युद्ध: जर्मन सेना ने नैमूर पर कब्जा किया।
- 1954: गहराते राजनीतिक समीकरणों के बीच ब्राज़ील के राष्ट्रपति गेटुलियो वर्गास ने इस्तीफा देने के बाद आत्महत्या कर ली।
- 1969: वी.वी. गिरि भारत के चौथे राष्ट्रपति बने।
- 1974: फखरुद्दीन अली अहमद भारत के पांचवें राष्ट्रपति बने।
- 1991: सोवियत संघ से अलग होकर यूक्रेन एक स्वतंत्र देश बना।
- 1993: पॉप स्टार माइकल जैक्सन के खिलाफ लॉस एंजेल्स पुलिस ने यौन शोषण के आरोपों की जांच शुरू की।
- 1995ः उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट विन्डोज 95 को आम जनता के इस्तेमाल के लिए लॉन्च किया गया।
- 1999: पाकिस्तान ने कारगिल ऑपरेशन के दौरान भारत द्वारा पकड़े गये 8 युद्ध-बंदियों को युद्धबंदी मानने से इनकार किया।
- 2000: बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मद इरशाद को 5 वर्ष की सजा।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
https://ift.tt/34nv45H
From Dainik Bhaskar
0 Comments
Please do not enter any Spam Link in the comment box.